समाजवादी पार्टी ने काटा अपर्णा यादव का टिकट, मेजर आशीष चतुर्वेदी लखनऊ कैंट से प्रत्याशी

उत्तर प्रदेश में 11 विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव में समाजवादी पार्टी भी अपने तगड़े प्रत्याशी उतार रही है। लोकसभा चुनाव 2019 में बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन करने वाली समाजवादी पार्टी विधानसभा उप चुनाव में अकेले उतर रही है। 


समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को अपने दो प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है। लखनऊ कैंट से पार्टी ने मेजर आशीष चतुर्वेदी को उतारा है। कानपुर के गोविंद नगर से सम्राट विकास को पार्टी ने टिकट दिया है। 2017 में लखनऊ कैंट से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव की छोटी बहु अपर्णा यादव थीं। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने विधानसभा चुनाव 2017 में पार्टी के सिर्फ तीन प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था। इनमें लखनऊ कैंट से अपर्णा यादव, इटावा के जसवंतनगर से शिवपाल सिंह यादव तथा जौनपुर के मल्हनी से पारसनाथ यादव के पक्ष में मुलायम सिंह यादव ने कई जनसभा की थी। भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी को 95402 और समाजवादी पार्टी की अपर्णा यादव को 61606 वोट मिले थे। 


लखनऊ कैंट से पार्टी ने मेजर आशीष चतुर्वेदी को उतारा है। मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा को भाजपा की डॉ. रीता बहुगुणा जोशी से हार झेलने पड़ी। प्रयागराज से सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी को प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। उनके सांसद बनने के बाद इस्तीफा देने से खाली सीट लखनऊ कैंट से कांग्रेस तथा बसपा के प्रत्याशियों ने गुरुवार को अपना नामांकन भी कर दिया है जबकि भाजपा ने अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। 


गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र में एकमात्र समाजवादी पार्टी पार्षद की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सम्राट विकास पार्टी की पसंद बने। 32 वर्षीय विकास मसवानपुर के निवासी हैं और समाजवादी छात्र सभा में वे प्रदेश उपाध्यक्ष हैंं। सपा के महानगर अध्यक्ष अब्दुल मोईन ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने कैडर को वरीयता देकर कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है। सभी मिलकर पार्टी प्रत्याशी को जिताने का प्रयास करेंगे।